उदित वाणी, जमशेदपुर: उलीडीह ओपी क्षेत्र स्थित आदिवासी क्लब के समीप रविवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान शकोंसाई रोड नंबर-2 निवासी 24 वर्षीय विकास सिंह के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
बताया जाता है कि रविवार सुबह लोगों ने झाड़ियों के बीच एक युवक का शव पड़ा देखा। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही उलीडीह पुलिस और मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार, विकास सिंह शनिवार रात उलीडीह इलाके में अपने भगिने से मिलने गया था। मुलाकात के बाद वह देर रात घर लौटने के लिए निकला, लेकिन रातभर घर नहीं पहुंचा। परिवार के लोग उसकी तलाश में जुटे ही थे कि रविवार सुबह उलीडीह की एक युवती ने फोन कर विकास का शव मिलने की सूचना दी।
प्रारंभिक जांच में युवक के सिर पर धारदार हथियार से वार किए जाने के संकेत मिले हैं। इसके अलावा शरीर के विभिन्न हिस्सों पर चोट के निशान पाए गए हैं। ऐसे में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
मृतक के भाई ने इलाके में सक्रिय कुछ नशेड़ियों पर हत्या करने का संदेह जताया है। उनका कहना है कि विकास की किसी से कोई बड़ी दुश्मनी नहीं थी, इसलिए घटना के पीछे आपराधिक तत्वों की भूमिका हो सकती है।
इधर, पुलिस ने कहा है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है।


