
उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर में एटीएम ठग गिरोह एक बार फिर सक्रिय हो गया है. ताजा मामला मानगो थाना क्षेत्र का है, जहां गुरुद्वारा बस्ती निवासी सुरजीत सिंह साइबर ठगों का शिकार बन गए.
जानकारी के अनुसार, सुरजीत सिंह मानगो गोलचक्कर स्थित एसबीआई के एटीएम से पैसे निकालने पहुंचे थे. कार्ड मशीन में डालते ही वह अंदर फंस गया. उस समय एटीएम पर कोई सुरक्षा गार्ड मौजूद नहीं था. इसी दौरान उनकी नजर दीवार पर लिखे एक मोबाइल नंबर पर पड़ी, जिसे उन्होंने मदद के लिए डायल कर दिया.
फोन उठाने वाले शख्स ने खुद को मददगार बताते हुए उन्हें भरोसे में लिया और बातों में उलझाकर पास के पेट्रोल पंप पर बुला लिया. जब सुरजीत वहां पहुंचे तो कोई नहीं मिला. शक होने पर वे दोबारा एटीएम केंद्र लौटे, लेकिन तब तक उनका कार्ड गायब हो चुका था. कुछ ही देर में उनके मोबाइल पर 11 हजार रुपये की निकासी का मैसेज आ गया.
घटना के बाद जब सुरजीत ने शोर मचाया तो स्थानीय लोग जुट गए. देर से पहुंचे गार्ड का व्यवहार भी विवादित रहा, जिससे मौके पर तनाव का माहौल बन गया.
पीड़ित ने मामले की शिकायत मानगो थाना में दर्ज करा दी है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है. इस घटना ने एटीएम सुरक्षा व्यवस्था और फर्जी हेल्पलाइन नंबरों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

