
उदित वाणी, जमशेदपुर : टेल्को थाना क्षेत्र स्थित थीम पार्क गेट के पास मंगलवार रात करीब 8:30 बजे एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां बिरसानगर संडे मार्केट निवासी 20 वर्षीय आदर्श सिंह पर दर्जनों युवकों ने जानलेवा हमला कर दिया। हमलावर बाइक और स्कूटी से पहुंचे थे और उनके हाथों में चापड़, तलवार व लाठी-डंडे थे।
मिली जानकारी के अनुसार, आयान नामक युवक ने आदर्श को पुराने विवाद को सुलझाने के बहाने थीम पार्क बुलाया था। आदर्श अपने दो दोस्तों—जोजो और युवराज—के साथ स्कूटी से मौके पर पहुंचा। जैसे ही वह वहां उतरा, पहले से घात लगाए बैठे आयान, मारुफ और उनके साथियों ने अचानक हमला कर दिया। हमलावरों ने सबसे पहले चापड़ से उसकी गर्दन पर वार किया, जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद तलवार से उसकी पीठ पर कई वार किए गए।
घटना के दौरान आसपास के क्वार्टर में रहने वाले लोग शोर सुनकर मौके पर पहुंचे और हमलावरों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन भीड़ बढ़ते देख सभी आरोपी फरार हो गए। सूचना मिलने पर टेल्को और गोविंदपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल आदर्श को पहले टाटा मोटर्स अस्पताल, फिर टीएमएच में भर्ती कराया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी मारुफ को हिरासत में लिया है, जबकि मुख्य आरोपी आयान सहित अन्य की तलाश जारी है। पुलिस आदर्श के साथ मौजूद उसके दोनों दोस्तों से भी पूछताछ कर रही है।
प्राथमिक जांच में प्रेम प्रसंग से जुड़ी रंजिश सामने आई है। बताया जा रहा है कि एक युवती को लेकर हुए विवाद के कारण इस हमले की साजिश रची गई।
टीएमएच में भर्ती आदर्श की हालत गंभीर बनी हुई है। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसे खून चढ़ाया गया है और देर रात तक उसका ऑपरेशन जारी रहा।

