
उदित वाणी, जमशेदपुर: गोविंद विद्यालय, तमोलिया के संस्थापक, प्रख्यात शिक्षाविद और समाजसेवी स्वर्गीय डॉ. ब्रह्मदत्त शर्मा की स्मृति में मंगलवार, 14 अप्रैल 2026 को विद्यालय के सभागार में एक भव्य शोक सभा का आयोजन किया गया. इस दौरान शहर के विभिन्न क्षेत्रों से आए गणमान्य व्यक्तियों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं.
भावुक क्षणों को किया याद
शोक सभा में उपस्थित अतिथियों ने डॉ. ब्रह्मदत्त शर्मा के साथ बिताए समय और उनके सामाजिक व शैक्षिक योगदान को बहुत ही भावुक मन से याद किया. वक्ताओं ने कहा कि डॉ. शर्मा ने शिक्षा के क्षेत्र में जो पौध रोपी थी, वह आज एक वटवृक्ष बनकर समाज को ज्ञान की रोशनी दे रही है. उनकी सादगी और सेवाभाव हमेशा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगी.
डॉ. शर्मा को श्रद्धांजलि देने के लिए बड़ी संख्या में विशिष्ट लोग उपस्थित हुए, जिनमें स्व. डॉ. ब्रह्मदत्त शर्मा के बड़े भाई रवि दास शर्मा एवं उनकी पुत्रियाँ, समाजसेवी नूरजमा खान, हाफ़िज़ शैय्यदु जमां खान, मानगो नगर निगम के ब्रांड एंबेसडर मुख्तार आलम खान, कपाली कांग्रेस नगर अध्यक्ष शानूर रहमान, इरफान अंसारी (पूर्व पार्षद व ओबीसी कमीशन के राज्य मंत्री), मुरलीधर केडिया (अधिवक्ता), तिलोत्तमा सिंह (प्रिंसिपल एस.आर.वी.एम. घाटशिला), हर्षवर्धन शर्मा (विधायक प्रतिनिधि, तमाड़), और अजमल बल्खी (उपाध्यक्ष, कांग्रेस पार्टी सरायकेला-खरसावां) उपस्थित रहें .
कार्यक्रम का कुशल संचालन और धन्यवाद ज्ञापन नौशाद रजिया द्वारा किया गया. शोक सभा के अंत में दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई.

