
उदित वाणी, जमशेदपुर : शहर के विद्यार्थियों, युवाओं एवं आम नागरिकों के लिए एक महत्वपूर्ण पहल के तहत साकची स्थित दिशोम गुरु मेमोरियल लाइब्रेरी का शुभारंभ किया गया है. यह लाइब्रेरी स्ट्रेट माइल रोड, टीएमएच क्लिनिक के समीप दिनशाव मेमोरियल म्युनिसिपल भवन में संचालित हो रही है. पाठकों के लिए लाइब्रेरी प्रतिदिन सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक खुली रहेगी.
आधुनिक सुविधाओं के साथ 8 हजार पुस्तकों का संग्रह
लाइब्रेरी में शांत एवं अध्ययन-अनुकूल वातावरण के साथ लगभग 8 हजार विभिन्न विषयों की पुस्तकों का संग्रह उपलब्ध कराया गया है. इसका उद्देश्य शहर में पठन-पाठन की संस्कृति को बढ़ावा देना और युवाओं को ज्ञान से जोड़ना है.

सदस्यता के लिए एकमुश्त पंजीकरण शुल्क तय
लाइब्रेरी प्रबंधन द्वारा सदस्यता हेतु एकमुश्त पंजीकरण शुल्क निर्धारित किया गया है. 6 से 16 वर्ष के बच्चों के लिए ₹100, 16 से 25 वर्ष के छात्रों के लिए ₹300, 25 से 60 वर्ष के वयस्कों के लिए ₹500 तथा 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए ₹100 शुल्क रखा गया है. इच्छुक नागरिक QR कोड के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं या आवश्यक दस्तावेजों के साथ सीधे लाइब्रेरी में पंजीकरण करा सकते हैं.
अब घर ले जा सकेंगे पुस्तकें
पाठकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लाइब्रेरी में पुस्तक निर्गमन सुविधा भी शुरू कर दी गई है. अब पंजीकृत सदस्य पुस्तकें अपने घर ले जाकर अध्ययन कर सकेंगे. पुस्तक सदस्यता शुल्क मासिक, त्रैमासिक और वार्षिक आधार पर तय किया गया है—
बच्चे: ₹50 / ₹120 / ₹550
छात्र: ₹100 / ₹270 / ₹1,100
वयस्क: ₹150 / ₹420 / ₹1,700
वरिष्ठ नागरिक: ₹120 / ₹330 / ₹1,300
दिव्यांगजनों के लिए निशुल्क सदस्यता
सामाजिक समावेशन को बढ़ावा देते हुए दिव्यांगजनों के लिए सदस्यता शुल्क पूर्णतः निःशुल्क रखा गया है, जो एक सराहनीय पहल मानी जा रही है.
उपायुक्त ने जताई सकारात्मक उम्मीद
उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने उम्मीद जताई है कि इस लाइब्रेरी से शहर में अध्ययन और बौद्धिक गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी. उन्होंने कहा कि पाठकों को घर ले जाकर अध्ययन की सुविधा देना एक सराहनीय कदम है, जिससे यह लाइब्रेरी शहर के लिए एक महत्वपूर्ण ज्ञान केंद्र के रूप में स्थापित होगी.

