
चक्रधरपुर: दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल में ट्रेनों की लगातार देरी और परिचालन संबंधी समस्याओं को लेकर आम जनता का आक्रोश अब बड़े आंदोलन की शक्ल ले चुका है. सोमवार को ‘जनता रेल आंदोलन’ की टीम ने मंडल रेल प्रबंधक (DRM) तरुण हुरिया से मुलाकात कर उन्हें चार सूत्री मांग पत्र सौंपा और जल्द समाधान की मांग की.
रोजगार, शिक्षा और इलाज पर पड़ रहा बुरा असर
प्रतिनिधिमंडल ने DRM को बताया कि कोरोना काल के बाद से ट्रेनों का परिचालन पूरी तरह पटरी से उतर गया है. पैसेंजर और एक्सप्रेस ट्रेनों के घंटों देरी से चलने के कारण चक्रधरपुर, मनोहरपुर, गोइलकेरा, टाटानगर और आदित्यपुर के हजारों दैनिक यात्रियों का रोजगार और छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है. समय पर अस्पताल न पहुँच पाने के कारण मरीजों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
सर्वाधिक राजस्व फिर भी सुविधाओं का अभाव
ज्ञापन में यह मुद्दा भी उठाया गया कि चक्रधरपुर मंडल रेलवे को सर्वाधिक राजस्व देने वाले मंडलों में से एक है, लेकिन सुविधाओं और समयबद्धता के मामले में इसे नजरअंदाज किया जा रहा है. इसके अलावा, एनएच-75 से स्टेशन की ओर जाने वाले मार्गों पर लगाए गए बैरिकेडिंग (गेट) से भी स्थानीय लोग बेहद परेशान हैं.
आंदोलन की चार प्रमुख मांगें:
1. सभी पैसेंजर ट्रेनों को समय सारणी के अनुसार चलाया जाए और बंद ट्रेनों को पुनः बहाल किया जाए.
2. एक्सप्रेस ट्रेनों का समय पर परिचालन सुनिश्चित हो.
3. ट्रेनों की देरी के कारणों को सार्वजनिक किया जाए ताकि यात्रियों को स्पष्ट जानकारी मिल सके.
4. चक्रधरपुर क्षेत्र में लगाए गए बैरिकेडिंग गेट को 24 घंटे खुला रखा जाए.
DRM का आश्वासन और आंदोलनकारियों की चेतावनी
मांग पत्र स्वीकार करते हुए DRM तरुण हुरिया ने सभी बिंदुओं पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया. उन्होंने विशेष रूप से गेट बंद होने की समस्या की समीक्षा करने की बात कही.
हालांकि, आंदोलन से जुड़े प्रतिनिधियों ने स्पष्ट कर दिया है कि यदि एक सप्ताह के भीतर मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो व्यापक जन आंदोलन शुरू किया जाएगा. इसके तहत चक्रधरपुर शहर बंद रखा जाएगा और DRM कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया जाएगा.
प्रतिनिधिमंडल में शामिल प्रमुख लोग: इस दौरान रामलाल मुंडा, बैरम खान, दिनेश जेना, मोहम्मद अशरफ, सन्नी खान, प्रिंस, विजय सुंमरुई, राजा प्रसाद, अर्जुन मुंडा, संतोष महतो, धीरज महतो सहित कई लोग उपस्थित थे.
(Chakradharpur Railway News, Janta Rail Andolan Chakradharpur, DRM Tarun Huria news, Train delay problems South Eastern Railway, Chakradharpur city bandh warning, passenger train time table Jharkhand)

