
जमशेदपुर : बागबेडा थाना क्षेत्र में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने महज कुछ घंटों में खुलासा करते हुए तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। धाधीडीह निवासी बेबी मंडल के घर 10 अप्रैल की रात चोरों ने अलबेस्टस की छत काटकर प्रवेश किया और सोने-चांदी के गहनों समेत कांसा के बर्तन पर हाथ साफ कर दिया था। पीड़िता के आवेदन पर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
वरीय पुलिस अधीक्षक को मिली गुप्त सूचना के बाद नगर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। पुलिस उपाधीक्षक (विधि व्यवस्था) के नेतृत्व में बागबेडा थाना पुलिस ने बड़ौदा घाट स्थित सूर्य मंदिर के पास छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान तीनों आरोपी—यश शर्मा उर्फ सरदार, देव गगराई उर्फ लुटू और सुमित तांती उर्फ बाबू—को चोरी के सामान का बंटवारा करते रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से सोने-चांदी के आभूषण, कांसा के बर्तन और घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की है। पूछताछ में सामने आया है कि तीनों का आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस अब इनके नेटवर्क और अन्य घटनाओं में संलिप्तता की जांच कर रही है।

