उदित वाणी, गढ़वा : झारखंड के गढ़वा जिले के मेराल थाना क्षेत्र अंतर्गत गोवरदाहा गांव स्थित हड़वडिया डैम में डूबने से दो नाबालिगों की मौत हो गई. दोनों रिश्ते में बुआ-भतीजे थे. गुरुवार को हुए इस हादसे के बाद से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोवरदाहा गांव निवासी अजीमुद्दीन खान की 13 वर्षीय पुत्री जैनाब खातून अचानक डैम के गहरे पानी में डूबने लगी. यह देख पास ही मौजूद उसका 16 वर्षीय भतीजा सोहेल खान उसे बचाने के लिए पानी में कूद गया. हालांकि, पानी की गहराई अधिक होने और तेज बहाव के कारण दोनों ही डैम के गहरे पानी में समा गए.
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई. स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों की तलाश शुरू की गई. मामले की जानकारी पाकर मेराल अंचल अधिकारी (सीओ) यशवंत नायक और थाना प्रभारी विष्णुकांत भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे.
करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों ने दोनों के शवों को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी. हादसे की खबर मिलते ही झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर, झामुमो जिलाध्यक्ष शंभू राम और स्थानीय मुखिया प्रतिमा देवी घटनास्थल पर पहुंचे.
पूर्व मंत्री ने शोकाकुल परिवार से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया और हर संभव सरकारी सहायता का आश्वासन दिया. मुखिया प्रतिमा देवी ने कहा कि आपदा प्रबंधन विभाग के प्रावधानों के तहत पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा. पुलिस ने कागजी कार्रवाई पूरी कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया, जिसके बाद अंतिम संस्कार के लिए शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं.
(आईएएनएस)


