उदित वाणी, जमशेदपुर: टाटा मोटर्स के प्लांट वन में काम करने के दौरान मरे ठेकाकर्मी शंभू भगत के परिजनों को ठेका कंपनी व्हील्स इंडिया 5 लाख रूपए मुआवजा देगी. ठेका कंपनी, परिजनों और प्रिंसिपल इम्प्लायर टाटा मोटर्स के प्रतिनिधियों के बीच सोमवार शाम को हुई बैठक में यह फैसला हुआ. टाटा मोटर्स के प्रवक्ता ने बताया कि शंभू भगत के परिजनों को बीमा और पीएफ के रूप में आठ लाख रूपए की राशि मिलेगी. इसके अलावा 5 लाख का मुआवजा मिलेगा. मृतक के दाह संस्कार के लिए ठेका कंपनी ने तत्काल 25 हजार रूपए दिया. उल्लेखनीय है कि सोमवार को ए शिफ्ट में ड्यूटी करने के दौरान शंभू भगत की तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई. कंपनी का कहना है कि काम करने के दौरान तबीयत खराब होने पर शंभू को रेस्ट रूम में ले जाया गया, लेकिन वहां तबीयत और बिगड़ने के बाद तुरंत टाटा मोटर्स हॉस्पिटल ले जाया गया. रास्ते में मुंह से झाग आने की बात भी कही जा रही है. अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. भगत की उम्र लगभग 50 साल के करीब थी. परिजनों ने हॉस्पिटल में हंगामा किया और सवाल उठाया कि तबीयत खराब होने पर हॉस्पिटल ले जाने की बजाय रेस्ट रूम में रखा गया, जिससे तबीयत और बिगड़ गई. अगर समय पर हॉस्पिटल पहुंचाया गया होता तो मौत नहीं होती.

