उदित वाणी,चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के झींकपानी थाना क्षेत्र में एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ सब्जी बेचने जा रहे एक ग्रामीण पर घात लगाकर बैठे हमलावर ने तीरों की बौछार कर दी।
रास्ते में घात लगाकर किया हमला
घटना झींकपानी थाना क्षेत्र के बेटेया गांव की है। 45 वर्षीय ग्रामीण चोया बिरूली शनिवार को अपने गांव से सब्जियां लेकर जोड़ापोखर हाट बेचने जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में चिड़ियापहाड़ी गांव निवासी दोपे बिरूली ने उन पर अचानक हमला कर दिया।
बचाव का नहीं मिला मौका, चलाईं 20 तीर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी दोपे बिरूली ने चोया पर एक के बाद एक लगभग 20 तीर चलाए। अचानक हुए इस हमले के कारण चोया बिरूली को संभलने का मौका नहीं मिला। हमला इतना भीषण था कि 3 तीर उनके शरीर में जा धंसे, जिससे वे लहूलुहान होकर सड़क पर ही गिर पड़े।
अस्पताल में जीवन-मौत की जंग
राहगीरों की सूचना पर झींकपानी थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घायल को सदर अस्पताल चाईबासा में भर्ती कराया। डॉक्टरों की टीम शरीर से तीर निकालने के लिए जुटी हुई है। वर्तमान में चोया बिरूली की हालत नाजुक बनी हुई है और वे चिकित्सा निगरानी में हैं।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
पुलिस ने आरोपी दोपे बिरूली की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच में इसे आपसी रंजिश का मामला माना जा रहा है, हालांकि पुलिस अन्य पहलुओं पर भी गहनता से तफ्तीश कर रही है।


