
उदित वाणी, आदित्यपुर: नोएडा और हरियाणा सहित पूरे एनसीआर (एनसीआर) क्षेत्र में अपनी जायज मांगों को लेकर आंदोलित मजदूरों का इंडस्ट्रियल मजदूर यूनियन ने समर्थन किया है. मजदूरों के दमन के विरुद्ध यूनियन के द्वारा आज आदित्यपुर_कांड्रा मुख्य मार्ग पर प्रदर्शन किया गया तथा जमकर नारेबाजी भी की गई. सूरज ऑटोमोबाइल के समक्ष आहूत इस कार्यक्रम में यूनियन के सदस्यों ने केंद्र व राज्य सरकारों की श्रमिक विरोधी नीतियों और पुलिसिया दमन की कड़े शब्दों में निंदा की.
आंदोलनकारियों ने बताया कि एनसीआर के कारखानों में मजदूरों से 10 से 12 घंटे काम लिया जा रहा है. जबकि वेतन के नाम पर मात्र 11,000 रुपये दिए जाते हैं. न तो ओवरटाइम का भुगतान हो रहा है और न ही बोनस. इसके विरोध में जब मजदूरों ने आवाज उठाई, तो उत्तर प्रदेश और हरियाणा की भाजपा सरकारों ने लाठीचार्ज, आंसू गैस और गिरफ्तारियों के जरिए आंदोलन को कुचलने का प्रयास किया.
सीआईटीयू के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर आहूत प्रदर्शन के दौरान इंडस्ट्रियल मजदूर यूनियन ने गिरफ्तार मजदूरों की अविलंब रिहाई और उनकी मांगों को तुरंत स्वीकार करने की मांग भी की. प्रदर्शन का नेतृत्व यूनियन के अध्यक्ष मंटू मिश्रा ने किया. इस अवसर पर अधिवक्ता राजीव सिंह, फागू महतो, गिरीश कुमार सिन्हा, सार्जन महतो, शंकर साहू, वीरेन्द्र सिंह, प्रमोद कुमार, विजया नंद सिंह, काली दास सहित अन्य लोग उपस्थित थे.

