उदित वाणी, पटमदा : ग्रामीण और वंचित क्षेत्र के मेधावी विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से ‘शहीद निर्मल महतो स्मृति एजुकेशनल ट्रस्ट’ एवं ‘टैलेंट सर्च एकेडमी’ के संयुक्त तत्वावधान में एक सराहनीय पहल की शुरुआत की गई है. इसके अंतर्गत झारखंड पॉलिटेक्निक प्रवेश परीक्षा 2026 की तैयारी के लिए निःशुल्क विशेष क्रैश कोर्स एवं कोचिंग संचालित की जाएगी.
इस कार्यक्रम के तहत प्रतिभा चयन हेतु 12अप्रैल को पटमदा के लोवाडीह स्थित टैलेंट नर्चरिंग पब्लिक स्कूल में एक विशेष चयन परीक्षा का आयोजन किया जाएगा. विद्यार्थियों के लिए रिपोर्टिंग समय सुबह 9:00 बजे निर्धारित किया गया है.
इस चयन परीक्षा में कक्षा 10वीं, 11वीं, 12वीं के छात्र-छात्राएं तथा 12वीं उत्तीर्ण अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं. टैलेंट सर्च एकेडमी के अध्यक्ष हाराधन महतो ने जानकारी दी कि चयन परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा—
* प्रथम स्थान: स्वर्ण पदक
* द्वितीय स्थान: रजत पदक
* तृतीय स्थान: कांस्य पदक
* साथ ही 10 अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे.
ट्रस्ट द्वारा संचालित इस क्रैश कोर्स में विद्यार्थियों को गहन विषयवार प्रशिक्षण, नियमित मॉक टेस्ट तथा अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी. इसके साथ ही पढ़ाई की सुविधा को और सुलभ बनाने के लिए ऑफलाइन के साथ-साथ ऑनलाइन कक्षाओं का भी प्रावधान रखा गया है. यह पहल न केवल आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के लिए एक सुनहरा अवसर है, बल्कि उनके उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी साबित होगी.

