
उदित वाणी, रांची : झारखंड सरकार ने स्वास्थ्य के क्षेत्र में एक क्रांतिकारी कदम उठाते हुए राज्य कर्मी स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत नई बीमा अवधि के लिए महत्वपूर्ण समझौता (MoU) किया है. स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी की मौजूदगी में हुए इस समझौते के बाद अब राज्य के कर्मचारियों और उनके आश्रितों को इलाज के लिए आर्थिक चिंता नहीं करनी होगी.
देशभर के 600 बड़े अस्पतालों में मिलेगी सुविधा
इस नई व्यवस्था के तहत झारखंड के लगभग 200 अस्पतालों के साथ-साथ देशभर के करीब 600 प्रतिष्ठित सुपर स्पेशलिटी अस्पतालों को जोड़ा गया है. अब झारखंड के कर्मचारी वेल्लोर, चेन्नई, दिल्ली, हैदराबाद और बेंगलुरु के प्रमुख चिकित्सा संस्थानों में पूरी तरह कैशलेस इलाज करा सकेंगे. खास बात यह है कि यह इलाज CGHS दरों पर होगा, जिससे पारदर्शिता बढ़ेगी और खर्च में कमी आएगी.
7 लाख से ज्यादा लोगों को मिलेगा सीधा लाभ
वर्तमान में इस योजना से लगभग 2 लाख कर्मचारी और उनके परिवार जुड़े हैं, जिससे कुल लाभार्थियों की संख्या 7 लाख से अधिक हो गई है. योजना के प्रभावी होने का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पिछले वर्ष 10,257 मरीजों के इलाज पर लगभग 51 करोड़ रुपये खर्च किए गए थे. अब इसका दायरा बढ़ाकर इसमें अधिवक्ताओं, IAS-IPS अधिकारियों, पूर्व विधायकों और पूर्व सांसदों को भी शामिल किया गया है.
अबुआ कार्ड की सीमा ₹5 लाख से बढ़कर ₹15 लाख हुई
आम जनता को बड़ी राहत देते हुए मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने घोषणा की कि “अबुआ कार्ड” योजना के तहत स्वास्थ्य बीमा की राशि को 5 लाख रुपये से बढ़ाकर 15 लाख रुपये कर दिया गया है. मंत्री ने इसे ‘हेल्थ रिवोल्यूशन’ करार देते हुए कहा कि राज्य की हर जनता के स्वास्थ्य की जिम्मेदारी सरकार की है.
मिलेगी अनलिमिटेड कैशलेस और अन्य सुविधाएं
नई पॉलिसी के तहत केवल अस्पताल में भर्ती होना ही नहीं, बल्कि अन्य खर्चों को भी कवर किया गया है:
सुविधाएं: OPD, फॉलोअप, दवा खर्च, और आयुष उपचार.
अतिरिक्त लाभ: यात्रा भत्ता (TA), मेडिकल एडवांस और आवश्यकतानुसार रिवॉल्विंग फंड.
विशिष्टता: झारखंड देश का पहला ऐसा राज्य बन रहा है जहाँ सभी कर्मचारियों को परिवार सहित स्वास्थ्य बीमा कार्ड दिया जा रहा है.
भविष्य की योजनाएं: रिम्स-2 और मेडिको सिटी
मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा, “हमारा उद्देश्य सिर्फ योजना लागू करना नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण सुविधा पहुँचाना है.” उन्होंने बताया कि राज्य में मेडिकल कॉलेजों का विस्तार, मेडिको सिटी की स्थापना और रिम्स-2 जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स पर काम चल रहा है ताकि भविष्य में किसी को इलाज के लिए राज्य से बाहर न जाना पड़े.
कार्यक्रम में गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति
कार्यक्रम का समापन झारखंड स्टेट आरोग्य सोसाइटी की अपर कार्यकारी निदेशक श्रीमती सीमा सिंह के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ. इस अवसर पर NHM के अभियान निदेशक श्री शशि प्रकाश झा, ABDM के स्टेट मिशन डायरेक्टर श्री विद्यानंद शर्मा पंकज, एएजी श्री आशुतोष आनंद सहित विभिन्न कर्मचारी महासंघों, टाटा एआईजी और स्वास्थ्य विभाग के वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे.

