
उदित वाणी, जमशेदपुर : मानगो डिमना स्थित डिमना मध्य विद्यालय में गुरुवार को एक दर्दनाक घटना घटी, जिसने शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. विद्यालय के 8वीं कक्षा के छात्र रौनक मुंडा, निवासी मिर्जाडीह, को उसके ही सहपाठी राधेश्याम पात्रो, सोमनाथ मार्डी और मानिक कुमार ने विद्यालय परिसर में बेल्ट, कड़ा और डंडे से बेरहमी से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया.
घटना के वक्त विद्यालय में प्रभारी प्राचार्या रीता देवी सहित तीन से चार शिक्षक मौजूद थे, परंतु किसी ने न तो पुलिस को सूचना दी और न ही छात्र के परिजनों को. घायल छात्र को स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया और बाद में सीटी स्कैन के लिए भेजा गया.
पीड़ित की मां संगीता मुंडा ने बताया कि हमले के दौरान उनके बेटे के सिर के पीछे बेल्ट के बक्कल और कड़ा से गंभीर चोट पहुंचाई गई. स्थानीय लोगों से सूचना मिलने पर परिवार ने पुलिस को मामले की जानकारी दी और थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई.
इस घटना पर युवा जदयू प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य हेमंत पाठक ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय परिसर में इस तरह की घटना बेहद शर्मनाक है. शिक्षकों की नैतिकता मर चुकी है, जो छात्र की पिटाई होते देख भी मूकदर्शक बने रहे. उन्होंने कहा कि विद्यालय प्रबंधन की भूमिका संदिग्ध है और कल युवा जदयू टीम विद्यालय जाकर दोषी छात्रों एवं शिक्षकों पर कार्रवाई की मांग करेगी.
इस दौरान हेमंत पाठक के साथ पिंटू सिंह, संतोष भगत, टुनटुन सिंह, राहुल पाठक, जय प्रकाश शाह, मनोज गोराई और पवन शाह भी उपस्थित रहे.

