
उदित वाणी, जमशेदपुर : सोनारी थाना क्षेत्र में उजागर हुए मिनी गन फैक्ट्री मामले ने अब और गंभीर रूप ले लिया है. नट-बोल्ट सप्लाई के नाम पर अवैध हथियार, गांजा और शराब के संगठित कारोबार का संचालन कर रहे सरदार गैंग के खिलाफ पुलिस ने शिकंजा कस दिया है. भारी बरामदगी के बाद फरार आरोपियों पर कानूनी दबाव बढ़ाते हुए पुलिस ने उनके घर इश्तिहार चस्पा किया है.
टिल्लू भट्टा बस्ती में हुए इस खुलासे से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था. पुलिस जांच में सामने आया कि समीर सरदार और उसके साथी लेथ मशीन व भट्टी की मदद से देसी हथियार तैयार कर रहे थे. छापेमारी के दौरान पुलिस ने 7.65 एमएम की 9 जिंदा गोलियां, एक देशी पिस्टल, तीन लेथ मशीनें, लोहे के औजार, भट्टी, 1400 ग्राम गांजा, ₹2,41,600 नकद, चार मोबाइल फोन और बड़ी मात्रा में शराब की बोतलें बरामद की थीं.

सूत्रों के अनुसार, इस नेटवर्क का सुराग पटना में दर्ज एक मामले की जांच के दौरान मिला था. जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस टीम जमशेदपुर पहुंची और गुप्त सूचना के आधार पर टिल्लू भट्टा बस्ती में छापेमारी की गई. एसएसपी के निर्देश पर सीएसआर डीएसपी मनोज ठाकुर के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में बरामद सामग्री देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए थे.
सोनारी पुलिस ने फरार नामजद अभियुक्त समीर सरदार (उम्र लगभग 35 वर्ष) और मनोज केराई उर्फ मनीष केराई (उम्र लगभग 31 वर्ष) के खिलाफ इश्तिहार तामिला की कार्रवाई की. दोनों के घरों पर ढोलक बजाकर आम लोगों को सूचना दी गई. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि दोनों अभियुक्तों को 10 फरवरी तक न्यायालय में आत्मसमर्पण करना होगा, अन्यथा उनके खिलाफ कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई महज शुरुआत है. पूरे नेटवर्क की परतें खोलने के लिए लगातार छापेमारी जारी है और आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की पूरी संभावना है.

