
उदित वाणी, जमशेदपुर : कपाली ओपी क्षेत्र में शनिवार शाम एक बार फिर चाकूबाजी की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी. जानकारी के मुताबिक, 14 वर्षीय ज़ैद खान शाम करीब 6 बजे अपने दोस्तों के साथ मैदान में क्रिकेट खेलने गया था. खेल के दौरान वहां मौजूद आमिर नामक युवक, जो अलकबीर पॉलिटेक्निक के पीछे का रहने वाला बताया जा रहा है, ज़ैद के साथ मज़ाक करने लगा.
बताया जा रहा है कि मज़ाक धीरे-धीरे विवाद में बदल गया. जब ज़ैद ने इसका विरोध किया, तो आमिर अचानक आक्रामक हो गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुस्से में आकर उसने अपने पास रखा डैगर निकाल लिया और ज़ैद पर हमला कर दिया. इस हमले में ज़ैद की पीठ में गंभीर चोट आई, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा.
घटना के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायल ज़ैद को तुरंत एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है. डॉक्टरों के अनुसार, उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है, लेकिन चोट गहरी है.
इस घटना के बाद इलाके में भय का माहौल है. स्थानीय लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं. हालांकि, खबर लिखे जाने तक कपाली ओपी में इस संबंध में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी. पुलिस की ओर से भी आधिकारिक बयान का इंतजार है.

