
उदित वाणी, जमशेदपुर : मानगो डिमना रोड स्थित चर्चित फायरिंग मामले में मंगलवार को अदालत से अहम फैसला सामने आया। हत्या की नीयत से फायरिंग और सीसीटीवी कैमरा क्षतिग्रस्त करने के आरोपी आकाश नामता उर्फ कलाकार की जमानत अर्जी अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश-6 की अदालत ने स्वीकार कर ली।
बचाव पक्ष के अधिवक्ता विद्या सिंह के अनुसार, आकाश पहले से ही आर्म्स एक्ट के एक मामले में बिहार के मुंगेर जेल में बंद था। इसी दौरान उसे जमशेदपुर की अदालत में इस फायरिंग कांड में पेश किया गया था।
गौरतलब है कि अक्टूबर 2025 में अपराधी गुड्डू पांडे के घर पर बाइक सवार दो बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। इस घटना में घर पर लगे सीसीटीवी कैमरे को भी गोली मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। पुलिस ने यह मामला विजेंद्र पांडेय के बयान पर दर्ज किया था, जो फिलहाल जमानत पर बाहर है। मामले में पहले ही दीपक चौधरी की गिरफ्तारी हो चुकी है और उसे जेल भेजा जा चुका है।
इसी बीच एक अन्य कार्रवाई में मानगो उलीडीह क्षेत्र से लोडेड पिस्तौल के साथ गिरफ्तार मोनू महंती की जमानत अर्जी अदालत ने खारिज कर दी। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, मोनू पर हत्या समेत दर्जनभर संगीन आपराधिक मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं। इस फैसले से जहां एक ओर आकाश को राहत मिली है, वहीं मोनू महंती की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।

