उदित वाणी, जमशेदपुर: एनएच-33 स्थित डेंटल कॉलेज के समीप मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में सुरक्षा गार्ड रतन कुंडू (35 वर्ष) की जान चली गई. घटना दोपहर करीब दो बजे की है, जब दो बाइकों के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हुई. इस हादसे में दूसरी बाइक पर सवार दो अन्य युवक भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं.
ड्यूटी से घर लौट रहे थे रतन कुंडू
मृतक रतन कुंडू एमजीएम थाना क्षेत्र के भिलाई पहाड़ी गांव के रहने वाले थे. पूर्व जिला पार्षद पिंटू दत्ता ने बताया कि रतन मानगो डिमना रोड स्थित संजीव नेत्रालय में सुरक्षा गार्ड के पद पर तैनात थे. मंगलवार को अपनी ड्यूटी खत्म कर वे बाइक से घर लौट रहे थे, तभी विपरीत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया.
स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे. स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने जांच के बाद रतन कुंडू को मृत घोषित कर दिया. अन्य दो घायलों का इलाज चल रहा है.
एलिवेटेड कॉरिडोर कार्य और वन-वे बना हादसे का कारण
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, फदलोगोड़ा से मुखियाडांगा तक चल रहे एलिवेटेड कॉरिडोर निर्माण कार्य की वजह से डेंटल कॉलेज के सामने सड़क को वन-वे किया गया है. निर्माण कार्य के कारण यातायात प्रभावित है और इस स्थान पर आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं. लोगों ने लापरवाह बाइक राइडरों पर लगाम लगाने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. एमजीएम थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है.


