उदित वाणी,जमशेदपुर : कोवाली थाना क्षेत्र के हल्दीपोखर रेलवे स्टेशन के पास स्थित नेबफीन्स लिमिटेड माइक्रो फाइनेंस बैंक में हुई रहस्यमयी चोरी ने पुलिस और स्थानीय लोगों को हैरान कर दिया है। बैंक से करीब 8 लाख 50 हजार रुपये नकद गायब हो गए, लेकिन न तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला और न ही लॉकर के साथ किसी तरह की छेड़छाड़ के निशान पाए गए। घटना के बाद पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
शुक्रवार सुबह बैंक कर्मी जब कार्यालय पहुंचे तो नकदी का मिलान करने के दौरान बड़ी रकम गायब मिली। इसके बाद बैंक प्रबंधक किशन सोनी ने तत्काल कोवाली थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मुकेश कुमार साव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। बाद में मुसाबनी डीएसपी संदीप भगत भी बैंक पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
डीएसपी संदीप भगत ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तकनीकी और मानवीय दोनों स्तर पर जांच की जा रही है। बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।
जानकारी के अनुसार नेबफीन्स लिमिटेड महिलाओं को लोन देने और उनसे किश्त वसूली का कार्य करती है। चोरी हुई रकम महिलाओं से जमा की गई किश्तों की बताई जा रही है। बिना ताला टूटे इतनी बड़ी चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।


