
उदित वाणी, चांडिल : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-33 पर मंगलवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हुआ. शहरबेड़ा स्थित दलमा चौक के समीप रात करीब 10 बजे मवेशियों से लदी एक पिकअप वैन और मारुति वैगनआर कार के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई. इस हादसे में कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया है. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया.
मदद के लिए दौड़े स्थानीय लोग, घायल चालक अस्पताल में भर्ती
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार का चालक मलबे में फंस गया था, जिसे कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया. स्थानीय लोगों के सहयोग से घायल को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहाँ उसकी हालत गंभीर बनी हुई है. इस दुर्घटना के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात भी बाधित रहा.

पिकअप में ठसाठस भरे थे 10 से अधिक मवेशी, अवैध तस्करी की आशंका
दुर्घटना के बाद मौके पर एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ. जिस पिकअप वाहन से टक्कर हुई थी, उसमें 10 से अधिक गौवंश ठसाठस भरे हुए थे. बताया जा रहा है कि इन मवेशियों को बेहद अमानवीय तरीके से अवैध रूप से ले जाया जा रहा था. हादसे के बाद पिकअप का चालक मौके का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा.
पुलिस की जांच शुरू, ग्रामीणों ने उठाए प्रशासन पर सवाल
घटना की सूचना मिलते ही चांडिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने पिकअप में लदे मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर भेजने की व्यवस्था की. इधर, इस घटना से स्थानीय ग्रामीणों में खासा आक्रोश है. ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि इलाके में अवैध गौ-तस्करी का धंधा धड़ल्ले से चल रहा है. उन्होंने प्रशासन से नियमित गश्ती बढ़ाने और तस्करी में शामिल सिंडिकेट पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है.

