उदित वाणी, आदित्यपुर : आरआईटी पुलिस ने इच्छापुर बस्ती, आदित्यपुर-02 के लाईन टोला से देशी कट्टा के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है, जिसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है. वहीं, युवक के पास से दो जीपीएस सितम और दो डेटोनेटर बॉक्स भी बरामद किया गया है. गिरफ्तार आरोपी की शिनाख्त लाईन टोला निवासी अनिल सरदार उर्फ़ गोरे के रुप में हुई है. इलाके में अपराध नियंत्रण और अवैध हथियारों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के क्रम में आरआईटी पुलिस को उक्त सफलता हाथ लगी है.
एसडीपीओ समीर कुमार सवैया ने बताया कि पुलिस को पुख्ता सूचना मिली थी कि लाईन टोला क्षेत्र में एक युवक हथियार के साथ किसी अप्रिय घटना को अंजाम देने की फिराक में है. सूचना की गंभीरता को देखते हुए आरआईटी थाना प्रभारी संजीव कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित विशेष छापेमारी टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक को धर दबोचा. एसडीपीओ ने स्पष्ट किया कि गिरफ्तार आरोपी अनिल सरदार का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और आरआईटी थाने में उसके विरुद्ध पहले से हीं कई मामले दर्ज हैं. पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि उसके पास जीपीएस और डेटोनेटर बॉक्स जैसे उपकरण किस उद्देश्य से थे.


