
उदित वाणी, जमशेदपुर : बर्मामाइंस थाना क्षेत्र अंतर्गत लिडे कंपनी के समीप सोमवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया. तेज रफ्तार सफेद इनोवा कार और ऑटो के बीच जोरदार टक्कर में ऑटो क्षतिग्रस्त होकर नाले में पलट गया, लेकिन चालक व सभी यात्री बाल-बाल बच गए.
मिली जानकारी के अनुसार, टाटानगर स्टेशन से चार यात्रियों को लेकर साकची जा रहा ऑटो विपरीत दिशा से आ रही इनोवा से साइड से टकराया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो अनियंत्रित होकर नाले में गिर गया, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया.
स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य कर चालक को सुरक्षित निकाला. क्रेन से क्षतिग्रस्त ऑटो बाहर निकाला गया. चालक को हल्की चोटें आईं, लेकिन यात्रियों को कोई नुकसान नहीं हुआ.
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है. स्थानीयवासियों ने तेज रफ्तार पर अंकुश और सड़क सुरक्षा के सख्त इंतजाम की मांग की है.

