उदित वाणी, जमशेदपुर : चक्रधरपुर रेल मंडल के वरीय कमांडेंट पी. कुट्टी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर टाटानगर रेलवे स्टेशन में सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया है. उसी निर्देश के आलोक में आरपीएफ पोस्ट टाटानगर के ओसी राकेश मोहन लगातार संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर बनाए हुए हैं. इसी क्रम में रविवार को आरपीएफ की उड़न दस्ता टीम ने एक संयुक्त जांच अभियान चलाकर बड़ी सफलता हासिल की.
उड़न दस्ते की टीम, जिसमें आरपीएफ के सक्रिय अधिकारी बलबीर प्रसाद के नेतृत्व में जवान शामिल थे, प्लेटफॉर्म और स्टेशन परिसर में संदिग्ध यात्रियों की तलाशी में जुटी थी. इसी दौरान एक युवक के बैग से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की गई. पकड़ा गया युवक आदर्श कुमार बताया गया है. उसके पास से आईकॉनिक व्हाइट कंपनी की 40 बोतल विदेशी शराब बरामद हुई, जिसे वह बिहार ले जाने की फिराक में था.
पूछताछ में आदर्श कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका. आरपीएफ अधिकारियों ने प्राथमिक जांच के बाद उसे जब्त शराब के साथ आगे की कार्रवाई के लिए आबकारी विभाग, जमशेदपुर के हवाले कर दिया. आरपीएफ की मानें तो त्योहारों और खास मौकों के दौरान बिहार ले जाने के लिए शराब की तस्करी बढ़ जाती है, जिसके मद्देनजर रेलवे स्टेशनों पर सघन जांच अभियान जारी रहेगा. अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षा जांच में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी.


