
उदित वाणी, जमशेदपुर : सीतारामडेरा थाना क्षेत्र स्थित छायानगर में हुई सनसनीखेज चापड़बाजी और फायरिंग की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक उद्भेदन कर लिया है. इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. गिरफ्तार आरोपियों में करण वर्मा (21), निर्भय सिंह उर्फ छोटका (19), संतोष वर्मा उर्फ मुन्ना तथा कुणाल मुंडा उर्फ छिला (23) शामिल हैं, जो सभी छायानगर इलाके के निवासी हैं.
पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त एक देसी कट्टा, तीन चापड़ और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं. मामले की जानकारी सिटी एसपी ने प्रेस वार्ता में दी. उन्होंने बताया कि 31 मार्च की रात अपराधियों ने नंद लोहार उर्फ नंदु कर्मकार पर जानलेवा हमला किया था. चापड़ से वार करने के बाद इलाके में दहशत फैलाने के उद्देश्य से फायरिंग भी की गई थी.
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर सिटी एसपी और डीएसपी भोला प्रसाद के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को सीतारामडेरा बस स्टैंड से गिरफ्तार किया, जब वे बस के जरिए पटना भागने की फिराक में थे.
पुलिस के अनुसार, आरोपी कुणाल मुंडा उर्फ छिला का पूर्व में भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है. फिलहाल सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया है और आगे की जांच जारी है.

