
उदित वाणी, बोकारो : बच्चा चोरी की अफवाहें अब लोगों की जान लेने को उतारू हो गई हैं. ताजा मामला चास थाना क्षेत्र के नीलम नर्सिंग होम के पास सामने आया, जहां भीड़ ने स्थानीय युवक नागेश्वर को बच्चा चोर समझकर जमकर पिटा. मौके पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों ने किसी तरह उसकी जान बचाई.
घटना की जानकारी देते हुए चास एसडीपीओ प्रवीण कुमार सिंह ने कहा, “लोग अफवाहों में अपनों को भी नहीं पहचान रहे.” पुलिस के अनुसार, बच्चा चोरी के शक में कुछ लोग एक युवक को दौड़ा रहे थे, जो बाउंड्री में घुस गया. नागेश्वर डंडा लेकर बच्चा चोर को पकड़ने गया, लेकिन भीड़ ने उसे ही चोर समझ लिया और बेरहमी से पीटा.
यह घटना लोगों के लिए सबक है कि अफवाहों पर भरोसा न करें. ऐसी हिंसा कहीं से उचित नहीं, इससे निर्दोषों की जान पर बन आती है. पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है.

