
उदित वाणी, जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोपाल मैदान इलाके में मंगलवार देर शाम चाकूबाजी की एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया. इस वारदात में सोनारी के रुपनगर निवासी प्रेम और संदीप गंभीर रूप से घायल हो गए. बताया जा रहा है कि दोनों युवक किसी निजी कार्य से गोपाल मैदान क्षेत्र में पहुंचे थे, तभी कदमा के रुपनगर इलाके से आए कुछ युवकों से उनका विवाद हो गया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो कुछ ही पलों में हिंसक झड़प में बदल गई. इसी दौरान आरोपियों ने चाकू निकालकर प्रेम और संदीप पर ताबड़तोड़ वार कर दिए. हमले में प्रेम के पेट और हाथ में गंभीर चोटें आईं, जबकि संदीप के सीने और पीठ पर गहरे घाव लगे. खून से लथपथ दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े.
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल मदद करते हुए प्रेम को टीएमएच अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है. वहीं, संदीप की हालत ज्यादा गंभीर होने के कारण उसे आनन-फानन में एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों की टीम उसकी जान बचाने में जुटी है. दोनों घायलों की स्थिति पर डॉक्टरों की लगातार नजर बनी हुई है.
सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर प्रारंभिक जानकारी जुटाई है. अधिकारियों के अनुसार, हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं.
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. एहतियात के तौर पर क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को चिन्हित कर गिरफ्तार किया जाएगा. पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.

