
उदित वाणी, जमशेदपुर : आजादनगर थाना क्षेत्र में जेवर बनाने के नाम पर रुपये लेने और गहना नहीं देने का मामला सामने आया है. इस संबंध में पुलिस ने ज्वेलरी दुकान के मालिक समेत तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है. पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी.
मामले में ओल्ड पुरूलिया रोड नंबर-3 निवासी शाहीना बेगम ने आजादनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है. उन्होंने मानगो उर्दू स्कूल के पास रहने वाले वर्षा ज्वेलर्स वर्क्स के संचालक जितेंद्र वर्मा, उसकी पत्नी और भाभी को आरोपी बनाया है.
शिकायतकर्ता का आरोप है कि उन्होंने जेवर बनवाने के लिए काफी पहले रुपये दिए थे, लेकिन लंबे समय बीत जाने के बावजूद उन्हें गहने नहीं मिले. बताया जाता है कि जितेंद्र वर्मा करीब 15 दिन पहले अपनी दुकान खोलने के लिए आया था. इस दौरान कई लोगों ने उसे पकड़ लिया और अपने-अपने जेवर की मांग करने लगे.
स्थानीय लोगों के अनुसार, वर्षा ज्वेलर्स की दुकान काफी समय से बंद थी. जब दुकान दोबारा खुली तो जिन ग्राहकों ने पहले पैसे दिए थे, वे गहने लेने पहुंच गए. आरोप है कि दुकानदार ने गहने देने का आश्वासन दिया, लेकिन इसके बाद भी किसी को जेवर नहीं सौंपा.
यह दुकान आजादनगर थाना क्षेत्र के ओल्ड पुरूलिया रोड पर स्थित है. शिकायत के अनुसार यह मामला 25 सितंबर 2014 से लेकर 7 मार्च 2026 के बीच का है. पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है.

