उदित वाणी, आदित्यपुर : आदित्यपुर-02 के मार्ग संख्या-13 में बीती रात नशे में धुत युवकों ने एक आभूषण दुकान और दो घरों में चोरी का प्रयास किया. हालांकि स्थानीय लोगों की सतर्कता के कारण चोरी की यह योजना विफल हो गई. जानकारी के अनुसार, इस दौरान चोरों ने मार्ग संख्या-13 निवासी मिथिलेश कुमार झा और गौरीशंकर तिवारी के घर के बाहर लगे स्प्लिट एसी के कॉपर कॉइल को चोरों ने काटने का प्रयास किया. इसके बाद उन्होंने पास स्थित प्रेम ज्वेलर्स के बंद दुकान का ताला तोड़ने का प्रयास किया.
इस दौरान दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई. चोरों की गतिविधि देखकर स्थानीय लोग जाग गए, जिसके बाद आरोपित घबराकर मौके से भागने लगे. वहीं, आज सुबह घटना की जानकारी मिलने के बाद आरआईटी थाना की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.

इसी दौरान स्थानीय लोगों ने मार्ग संख्या-13 के पार्क में नशा कर रहे कुछ संदेहास्पद युवकों को पकड़कर पुलिस टीम के सुपुर्द कर दिया. पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज की जांच में पाया गया कि इन्हीं में से दो युवक आभूषण दुकान और घरों में चोरी की कोशिश में शामिल थे. फिलहाल पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर रही है और चोरी की साजिश में शामिल अन्य लोगों की भी तलाश जारी है.


