
उदित वाणी, जमशेदपुर : राम हेम्ब्रम, जो आउटडोर लीडरशिप कोर्स (ओएलसी) के प्रतिभागी हैं और टाटा स्टील फ़ाउंडेशन का प्रतिनिधित्व करते हैं, ने अरुणाचल प्रदेश के दिरांग स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ़ माउंटेनियरिंग एंड एडवेंचर स्पोर्ट्स (एनआईएमएएस) द्वारा आयोजित बेसिक माउंटेनियरिंग कोर्स में 104 प्रतिभागियों (92 लड़के और 12 लड़कियों) में से सर्वश्रेष्ठ छात्र के रूप में द्वितीय स्थान हासिल किया है. फ़ाउंडेशन ने राम की इस उपलब्धि को समुदाय के प्रोत्साहन, प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन और सभी प्रतिभागियों की टीम भावना के सामूहिक परिणाम के रूप में सराहा है.
फाउंडेशन के पांच प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया
इस वर्ष टाटा स्टील फ़ाउंडेशन के पांच प्रतिभागियों ने एनआईएमएएस कार्यक्रम में हिस्सा लिया और पूरे समर्पण व धैर्य के साथ इस अनुभव को अपनाया. टीएसएफ उन्नत पर्वतारोहण प्रशिक्षण के लिए उम्मीदवारों की पहचान और तैयारी हेतु तीन-स्तरीय प्रक्रिया का पालन करता है. यात्रा की शुरुआत तुमुंग और डिमना आउटडोर लीडरशिप एक्सपीरियंससे होती है. यह तीन दिवसीय स्क्रीनिंग पहल है, जो मेधावी छात्रों और सामुदायिक सदस्यों को आउटडोर लर्निंग का पहला अवसर देती है. इसके बाद उत्तरकाशी, उत्तराखंड में दस दिवसीय आउटडोर लीडरशिप कोर्स आयोजित किया जाता है, जिसका उद्देश्य प्रतिभागियों में नेतृत्व क्षमता को सहज रूप से विकसित करना और बाहरी वातावरण में आत्मविश्वास बढ़ाना होता है. आखिरकार यह मार्ग 28 दिवसीय बेसिक माउंटेनियरिंग कोर्स तक पहुँचता है, जो प्रतिभागियों को पर्वतारोहण की तकनीकी समझ और उसके प्रति गहरा लगाव विकसित करने में मदद करता है.
नेतृत्व क्षमता का विकास
यह पहल युवाओं में नेतृत्व क्षमता और निर्णय लेने की योग्यता विकसित करने का लक्ष्य रखती है, साथ ही उन्हें आउटडोर सर्वाइवल और बेसिक माउंटेनियरिंग तकनीकों का व्यावहारिक अनुभव भी प्रदान करती है. यह समुदाय की सार्थक भागीदारी को प्रोत्साहित करती है और एडवेंचर-आधारित शिक्षण को व्यक्तिगत विकास का एक महत्वपूर्ण माध्यम बनाती है. समय के साथ, इस कार्यक्रम ने प्रतिभागियों को कई तरीकों से विकसित होने में मदद कीहै. कई युवा आत्मविश्वास और धैर्य विकसित करते हैं, जिससे वे चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में सहज रूप से खुद को ढाल पाते हैं.

