
उदित वाणी, जमशेदपुर : कपाली थाना क्षेत्र के टॉप चौक पर शनिवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब कुछ युवकों ने एक युवक पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया. घायल युवक को पुलिस ने तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया है.
घायल युवक की पहचान आदिल अहमद (26 वर्ष) के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार आदिल टॉप चौक से अपने घर, अशरफी मस्जिद की ओर जा रहा था. इसी दौरान सड़क पर एक बुजुर्ग व्यक्ति और कुछ युवकों के बीच गाड़ी आगे-पीछे करने को लेकर विवाद हो रहा था. विवाद बढ़ता देख आसपास लोगों की भीड़ जुटने लगी, लेकिन कोई भी हस्तक्षेप करने की हिम्मत नहीं कर रहा था.
बताया जाता है कि आदिल ने माहौल को शांत करने के उद्देश्य से बीच-बचाव किया और युवकों से झगड़ा खत्म करने को कहा. इसी बात से नाराज होकर विवाद कर रहे युवकों ने आदिल से उलझना शुरू कर दिया. देखते ही देखते बहस हिंसक रूप ले ली और युवकों ने अचानक आदिल पर चाकू से हमला कर दिया. चाकू लगने से आदिल गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा, जबकि आरोपी युवक मौके से फरार हो गए.
घटना के बाद टॉप चौक पर हड़कंप मच गया. स्थानीय लोगों ने तुरंत कपाली थाना को घटना की सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल आदिल को एंबुलेंस की मदद से एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया. अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद उसकी स्थिति को फिलहाल स्थिर बताया है.
कपाली थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं. थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपियों की पहचान करने का प्रयास जारी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है. जल्द ही आरोपियों को पकड़कर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी.

