
उदित वाणी, आदित्यपुर : दिन्दली हाट बाजार, आदित्यपुर में चोरी की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिससे स्थानीय दुकानदार काफी परेशान हैं. बाजार में आए दिन किसी न किसी दुकान का शटर काटकर चोरी की घटना को अंजाम दिया जा रहा है. वहीं, बाजार क्षेत्र में असामाजिक तत्वों और नशेड़ियों का जमावड़ा बढ़ने से स्थानीय दुकानदारों में भय का माहौल व्याप्त है.
बताया जा रहा है कि आदित्यपुर हाट बाजार स्थित शुभम शौचालय, सरकारी शेड एरिया, बांग्ला स्कूल एवं सरकारी स्कूल के आसपास हमेशा नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों का अड्डा लगा रहता है. पिछले दो दिनों में कई दुकानों में चोरी की घटनाएं घटित हो चुकी हैं, जिससे दुकानदार काफी परेशान हैं और खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं.
वहीं, इन घटनाओं को लेकर स्थानीय दुकानदारों ने थाना पहुंचकर आदित्यपुर पुलिस को ज्ञापन भी सौंपा. ज्ञापन के माध्यम से दुकानदारों ने बाजार क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्ती कराने की मांग की गई है, ताकि चोरी और असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके. इस दौरान बाजार के मासूल मास्टर मनोज पासवान सहित मोहम्मद यूसुफ, मजीद अंसारी, संजू कुमार, अशोक कुमार, सतीश साहू, एम खातून, रामप्रवेश, रब्बुल अंसारी, इम्तियाज, गंगा आदि उपस्थित थे.
