
उदित वाणी, चतरा : रविवार देर रात चतरा जिले के कुंदा थाना क्षेत्र में रविवार की देर रात नक्सलियों के दो प्रतिद्वंद्वी गुटों के बीच वर्चस्व को लेकर भीषण गोलीबारी हुई. देर रात हुई इस खूनी संघर्ष में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए.
सूत्रों के अनुसार, मारे गए दोनों व्यक्ति प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन टीपीसी (तृतीय प्रस्तुति कमिटी) के पूर्व सदस्य बताए जा रहे हैं. यह भिड़ंत रविवार रात करीब 12 से 1 बजे के बीच हुई, जिससे आसपास के इलाके में दहशत फैल गई.
घटना की सूचना मिलते ही कुंदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र में सघन सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया. घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की प्रारंभिक जांच शुरू कर दी गई है और वारदात में शामिल नक्सलियों की तलाश की जा रही है.
इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है, जबकि पुलिस और सुरक्षा बलों ने अतिरिक्त गश्त बढ़ा दी है.

