
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटानगर एर्नाकुलम एक्सप्रेस में रविवार देर रात बड़ा हादसा हो गया. ट्रेन आंध्र प्रदेश के अनाकापल्ली जिले के येलामंचिली के पास पहुँची ही थी कि अचानक बी-1 और एम-2 कोच में भीषण आग लग गई. देखते ही देखते आग ने दोनों कोचों को अपनी चपेट में ले लिया, जिसमें बी-1 कोच पूरी तरह जलकर खाक हो गया. इस दर्दनाक घटना में विजयवाड़ा निवासी 70 वर्षीय चंद्रशेखर सुंदर की मौत हो गई, जिनका शव बी-1 कोच से बरामद हुआ.
साउथ सेंट्रल रेलवे अधिकारियों के मुताबिक हादसा नरसिंगबिल्ली के पास हुआ, जहां ब्रेक सिस्टम में तकनीकी खराबी आग लगने का कारण बनी. घटना देर रात की होने से यात्रियों में भगदड़ मच गई. हालांकि लोको पायलट की तत्परता से ट्रेन को तुरंत रोका गया और बड़ी संख्या में यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. हादसे में कोई अन्य गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ, लेकिन कई यात्रियों को धुएं के कारण सांस लेने में दिक्कत की शिकायत रही.
ट्रेन में करीब दो हजार यात्री सवार थे. आग के चलते कई यात्रियों का सामान प्रभावित कोचों में जल गया. सूचना मिलते ही अनाकापल्ली, येलामंचिली और नक्कापल्ली से दमकल दल मौके पर पहुँचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और कोचों को अलग कर स्थिति सामान्य करने की कार्रवाई शुरू की.
हादसे के बाद ट्रेन को लगभग चार घंटे की देरी से आगे बढ़ाया गया. प्रभावित यात्रियों को अन्य कोचों में समायोजित किया गया, जबकि कुछ यात्रियों को तीन आरटीसी बसों से समरलकोटा स्टेशन भेजा गया, जहां दो नए एसी कोच जोड़े गए.
घटना को लेकर गृह मंत्री वी. अनीथा ने संज्ञान लिया है और संबंधित अधिकारियों को राहत कार्य में तेजी के साथ भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए हैं. रेल प्रशासन ने इस हादसे की जांच के आदेश जारी कर दिए हैं.

