
उदित वाणी, जमशेदपुर: सोनारी थाना क्षेत्र के कागल नगर रोड स्थित भूतनाथ मंदिर के पास शनिवार रात एक भयावह हादसा टल गया। यहाँ एक पांच मंजिला आवासीय टावर के तीसरे फ्लोर (फ्लैट नंबर 3/9) में अचानक भीषण आग लग गई। बताया जा रहा है कि आग एसी के आउटडोर यूनिट में हुए जोरदार विस्फोट के कारण लगी, जिसने देखते ही देखते पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया।
घर में अकेली थीं महिला, पूरे अपार्टमेंट में फैला धुआं
घटना के वक्त फ्लैट की मालकिन बेला बक्सी घर में अकेली थीं। धमाका इतना तेज था कि आग की लपटें तेजी से फैलने लगीं और काला धुआं पूरे अपार्टमेंट की सीढ़ियों और अन्य फ्लैटों तक पहुँच गया। धुएं के कारण निवासियों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी, जिसके बाद पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए नीचे की ओर भागे।
स्थानीय लोगों की तत्परता और दमकल की कार्रवाई
इस संकट की घड़ी में स्थानीय निवासियों ने अद्भुत साहस का परिचय दिया। दमकल विभाग के पहुँचने से पहले ही लोगों ने एकजुट होकर आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू कर दी थी। सूचना मिलने के बाद दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुँचीं और आग को पूरी तरह बुझाया गया।
सोनारी पुलिस मौके पर, जानी नुकसान की खबर नहीं
सूचना मिलते ही सोनारी थाना की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुँची और स्थिति को संभाला। राहत की बात यह रही कि इस घटना में बेला बक्सी सहित अपार्टमेंट का कोई भी निवासी हताहत नहीं हुआ है। हालांकि, फ्लैट में रखा कीमती सामान जलकर राख हो गया, जिससे महिला को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

