
उदित वाणी, जमशेदपुर : पोटका विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत जमशेदपुर प्रखंड के केरूवाडुगंरी पंचायत में सोमवार को झारखंड सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया. 7 करोड़ 98 लाख रुपये की स्वीकृत लागत से बनने वाली इस सड़क का विधिवत शिलान्यास पोटका विधायक संजीव सरदार ने पारंपरिक पूजा-अर्चना कर किया.
यह पथ ग्राम कलियाडीह (गौशाला केनाल) से भूडरूडीह, आहारघुटु होते हुए जुआन जुमिद क्लब भवन तक बनाया जाएगा. सड़क निर्माण कार्य पूर्ण होने पर क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी. साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य एवं रोजगार से जुड़ी गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा. ग्रामीणों ने कहा कि सड़क बनने से वर्षों पुरानी समस्या का समाधान होगा और बरसात के दिनों में आवाजाही की दिक्कतें काफी हद तक दूर हो जाएंगी.
कार्यक्रम के दौरान विधायक संजीव सरदार ने कहा कि जनहित से जुड़ी योजनाओं को धरातल पर उतारना उनकी प्राथमिकता है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार गांव-गांव तक सड़क, बिजली, पानी और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत है. उन्होंने कहा कि यह पथ निर्माण कार्य ग्रामीणों की लंबे समय से लंबित मांग को पूरा करेगा और क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कड़ी साबित होगा.
शिलान्यास मौके पर झामुमो जमशेदपुर प्रखंड कमेटी के सचिव जगत मार्डी, मनोज नाहा, पप्पू उपाध्याय सहित अन्य कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे.

