
प्रबंधन ने कहा कि अगले चार माह कंपनी को फूल ऑर्डर, फूल कैपिसिटी में होगा उत्पादन
उदित वाणी, जमशेदपुर : टाटा कमिंस में होने वाले ग्रेड को लेकर शुक्रवार को गोलमुरी क्लब में सेमिनार का आयोजन किया गया. सेमिनार में कंपनी के 80 कर्मचारियों ने ग्रेड को लेकर अपने सुझाव दिए और विचार रखे. कर्मचारियों ने ग्रेड से एजीपी (एसोसिएट ग्रोथ प्लान) को अलग करने को कहा. उन्होंने बताया कि पिछली यूनियन ने एजीपी को ग्रेड के साथ मिला दिया था, जिससे कर्मचारियों को काफी नुकसान हो रहा है. कर्मचारियों के असेस्टमेंट का यह एक तरीका है, जिस पर उनका सालाना इंक्रीमेंट्स होता है. एजीपी के साथ ही कर्मचारियों की ओर से वार्ड रजिस्ट्रेशन की बात जोरशोर से उठी.
उन्होंने कहा कि टाटा कमिंस की पहली पीढी के कर्मचारियों के बच्चे अब बड़े हो गए है. एकाध सालों में कर्मचारी रिटायर होने लगेंगे. ऐसे में वार्ड रजिस्ट्रेशन की सुविधा होनी चाहिए, ताकि कर्मचारी पुत्रों को इसका लाभ मिल सके. कर्मचारियों ने बढ़ती मंहगाई को देखते हुए मेडिकल सुविधा भी बढ़ाने की मांग की. कर्मचारियों का कहना था कि कंपनी को ऐसी व्यवस्था करनी चाहिए कि कर्मचारियों के रिटायर होने के बाद भी पति-पत्नी को मृत्यु तक मेडिकल की सुविधा मिल सके. यह सेमिनार सुबह 9 बजे से अपराह्न ढ़ाई बजे तक चला.
हाइड्रोजन प्लांट पर रहेगा जोर
कर्मचारियों के सुझाव से पहले प्रबंधन ने अपना बिजनेस प्लान यूनियन और कर्मियों के सामने रखा. प्लांट हेड अजितेश मूंगा ने कहा कि आने वाले सालों में कंपनी का हाइड्रोजन प्लांट फोकस एरिया होगा. प्रबंधन इस प्लांट को अपना भविष्य मान रहा है. उल्लेखनीय है कि टाटा कमिंस का हाइड्रोजन प्लांट, टाटा मोटर्स परिसर में है. मूंगा ने बताया कि कंपनी को अगले चार माह में काफी ऑर्डर मिले हैं. ऐसे में अगले साल मार्च तक कंपनी का उत्पादन फूल कैसिसिटी में होगा. कंपनी को निर्यात के लिए कई ऑर्डर मिले हैं, इसमें ब्लॉक भी शामिल है. प्लांट हेड ने स्क्रैप की कमी करने के साथ ही क्वालिटी पर जोर देने और कॉस्ट में कमी करने को कहा. मौके पर प्लांट हेड के साथ एचआर हेड दीपेश चौलिया, हर डिविजन के हेड, यूनियन के सारे पदाधिकारी मौजूद थे. यूनियन के महामंत्री अविनाश अनुपम ने बताया कि कर्मचारियों की ओर से जो भी मांग और सुझाव आए हैं, हम उसे समेकित कर प्रबंधन के समक्ष रखेंगे.

