
उदित वाणी, गुवा : गुवा सेल खदान क्षेत्र में गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे एक बड़ा हादसा हो गया. पानी छिड़काव के लिए जा रहा 50 टन लीटर क्षमता वाला पानी टैंकर अचानक टर्निंग पॉइंट के पास असंतुलित होकर पलट गया. दुर्घटना में वाहन के चालक एवं सेल गुवा न्यू कॉलोनी निवासी डंपर ऑपरेटर राजकुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खदान क्षेत्र में कार्यरत कर्मियों द्वारा पानी टैंकर को सड़क पर ले जाया जा रहा था. मोड़ पर पहुंचते ही वाहन का संतुलन बिगड़ गया, जिससे यह पलट गया. हादसे के बाद घायल चालक को तुरंत गुवा सेल अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें जमशेदपुर के ब्रह्मानंद अस्पताल रेफर किया गया.

घटना को लेकर झारखंड मजदूर संघर्ष संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पाण्डेय और महामंत्री अन्तर्यामी महाकुड ने कड़ी नाराजगी जताई. दोनों नेताओं का कहना है कि यह हादसा गुवा सेल प्रबंधन की लापरवाही का नतीजा है. उन्होंने आरोप लगाया कि खदान क्षेत्र में लंबे समय से पुरानी और जर्जर गाड़ियों का उपयोग हो रहा है, जिससे कर्मचारियों की जान पर खतरा बना रहता है. उन्होंने सेल प्रबंधन से मांग की कि “पहले सुरक्षा, बाद में उत्पादन” की नीति अपनाई जाए तथा सभी पुरानी वाहनों को हटाकर नई गाड़ियों की व्यवस्था की जाए.
इस घटना पर भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष गोविंद पाठक ने भी गहरा दुख व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि घायल चालक राजकुमार सिंह अत्यंत अनुभवी और समझदार चालक हैं. कहीं न कहीं सेल क्षेत्र में बनी व्यवस्थागत खामियों के कारण ही यह दुर्घटना घटी है.

