
उदित वाणी, पोटका : पोटका प्रखंड अंतर्गत सरमदा स्थित एक पत्थर खदान में मंगलवार को हुए दर्दनाक हादसे में दो लोगों की मौत के बाद क्षेत्र में गम का माहौल है. मृतकों की पहचान सरमदा निवासी टूक़लू सरदार और बटुझोर (राजनगर प्रखंड) निवासी सुभजीत गोप के रूप में की गई है. माइंस से मटेरियल धुलाई के दौरान ब्रेक फेल हो जाने से हाईवा पलट गया, जिससे दोनों मजदूरो की मौके पर ही मौत हो गई.
पोटका विधायक के हस्तक्षेप के बाद हुई वार्ता में मुआवज़े पर बनी सहमति
हादसे की सूचना मिलते ही पोटका विधानसभा के विधायक संजीव सरदार तुरंत घटनास्थल पहुंचे और मृतकों के परिजनों ऐंव स्थानीय ग्रामीणों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की. उन्होंने कहा कि यह अत्यंत दुखद घटना है, जिसमें दो परिवारों ने अपने पालन पोषण करने वाले को खो दिया.
विधायक संजीव सरदार ने कंपनी प्रबंधन से सार्थक वार्ता की अगुवाई की, जिसमें पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने पर सहमति बनी. विधायक श्री सरदार की पहल पर कंपनी की ओर से मृतक परिवारों को 10 लाख रुपये मुआवज़ा राशि देने और श्राद्धकर्म के लिए अतिरिक्त आर्थिक सहायता प्रदान करने का निर्णय लिया गया. इस वार्ता में स्थानीय मुखिया, वार्ड सदस्य, ग्राम प्रधान, पंचायत प्रतिनिधि, झामुमो कार्यकर्ता, ग्रामीण और कंपनी के प्रतिनिधि मंडल मौजूद रहे.
मानवीय संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी के तहत पीड़ित परिवारों के लिए हमेशा साथ हूँ – संजीव सरदार
विधायक सरदार ने मौके पर कहा कि मानवीय संवेदना और सामाजिक जिम्मेदारी के तहत पीड़ित परिवारों को पूरा सहयोग मिलना चाहिए और मैं इस दुख की घड़ी में उनके साथ हूँ. उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्माओं को शांति मिले और परिवारों को इस कठिन समय में धैर्य रखने की शक्ति प्रदान करें.

