
उदित वाणी, जमशेदपुर : पोटका प्रखंड के रसूनचोपा अंचल क्षेत्र में बालू की भारी किल्लत को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। एक ओर जहां ओडिशा से बड़े पैमाने पर बालू का परिवहन हो रहा है, वहीं स्थानीय जरूरतों के लिए बालू उपलब्ध नहीं होने से लोगों में नाराजगी गहराती जा रही है।
ओडिशा से रोज आ रही बालू, स्थानीयों को नहीं मिल रही सुविधा
जानकारी के अनुसार तिरिंग गेट के रास्ते ओडिशा से ट्रक और हाईवा के जरिए बालू झारखंड लाई जा रही है। यह बालू एनएच-220 होते हुए रसूनचोपा और हाता मार्ग से जमशेदपुर भेजी जा रही है। बावजूद इसके स्थानीय पंचायतों में सरकारी योजनाओं और निजी निर्माण कार्यों के लिए बालू नहीं मिल पा रही है।
निर्माण कार्य प्रभावित, बढ़ी परेशानी
ग्रामीणों का कहना है कि बालू के अभाव में घर निर्माण, शौचालय निर्माण समेत कई जरूरी काम ठप पड़ गए हैं। इससे आम लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
आंदोलन की राह पर ग्रामीण
स्थिति में सुधार नहीं होने पर ग्रामीण अब आंदोलन के मूड में हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि जल्द समाधान नहीं हुआ तो गांव-गांव से लोग एकजुट होकर ओडिशा से आने वाले अवैध बालू लदे ट्रक, हाईवा और ट्रैक्टरों को रोकेंगे।
जनप्रतिनिधियों और प्रशासन से शिकायत की तैयारी
ग्रामीणों ने बताया कि वे इस मुद्दे को लेकर क्षेत्र के विधायक संजीव सरदार, जिला उपायुक्त और संबंधित विभागीय अधिकारियों से जल्द मुलाकात कर अपनी समस्या रखेंगे।

