
उदित वाणी, गुवा : जगन्नाथपुर विधायक एवं सत्तारूढ़ दल के उप मुख्य सचेतक सोनाराम सिंकू ने सोमवार को दो महत्वपूर्ण योजनाओं का शिलान्यास किया. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विकास ही हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है और जनता की सुविधा से जुड़ी हर आवश्यकता को पूरा करने का प्रयास उनकी जिम्मेदारी है.
पहली योजना के तहत देवगांव ब्रह्मपुर मुख्य सड़क से लेकर रामतीर्थ तक पीसीसी सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया, जिसकी प्राक्कलन राशि 90 लाख रुपये है. इस सड़क से क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और धार्मिक स्थल रामतीर्थ तक पहुँच सुगम हो जाएगी.

विधायक श्री सिंकू ने इसके साथ ही बैतरणी नदी तट पर सीढ़ीनुमा स्नान घाट, मुख्य घाट तथा श्मशान घाट निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया. यह योजना 98 लाख रुपये की लागत से पूरी की जाएगी. परियोजना पूर्ण होने के बाद स्थानीय लोगों को धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक अवसरों पर सुविधा मिलेगी तथा नदी तट का सौंदर्य भी बढ़ेगा.
शिलान्यास कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे. मौके पर विधायक श्री सिंकू ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल विकास नहीं, बल्कि संतुलित विकास है. उन्होंने कहा कि “गांव की सड़कों से लेकर घाटों तक, जहां-जहां जनता की सुविधा जुड़ी है, वहां योजनाएं पहुंचाई जा रही हैं. धार्मिक स्थलों का विकास हमारे क्षेत्र की पहचान को सशक्त बनाएगा.”

उन्होंने यह भी बताया कि आने वाले दिनों में जगन्नाथपुर प्रखंड में जल, सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में कई नई योजनाएं धरातल पर उतरेंगी. “हमारी सरकार जनभावनाओं के अनुरूप काम कर रही है और क्षेत्र का सर्वांगीण विकास हमारी प्रतिबद्धता है,” उन्होंने कहा.
इस अवसर पर विधायक ने ग्रामीणों से स्वच्छता बनाए रखने और विकास कार्यों में सक्रिय सहयोग की अपील की. कार्यक्रम के अंत में समाज के बुजुर्गों और जरूरतमंद व्यक्तियों के बीच कंबल वितरण किया गया.
कार्यक्रम में कांग्रेस जगन्नाथपुर प्रखंड अध्यक्ष ललित कुमार दोराईबुरु, मंडल अध्यक्ष दिनेश प्रधान, जियालजोड़ा मुखिया श्रीमती जयंती उरांव, भनगाँव मुखिया जितेंद्र पूर्ति, जियालजोड़ा मुंडा हेमंत महतो, ब्रह्मपुर मुंडा रविश चंद्र महतो, सनंत प्रधान, प्रभात प्रधान, कमल किशोर बोबोंगा, अभिजीत महतो, हसलुद्दीन खान, सूरज मुखी, आफताब आलम, मुजाहिद, इकबाल, शाहरुख अली, रोशन पान, रंजीत गगराई, संतोष नाग मुंडा, बबलू गोप, क्रांति तिरिया, लोकनाथ पान, प्रकाश गोप, दीपक गोप सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद थे.

