
उदित वाणी, तमोलिया : गोविंद विद्यालय तमोलिया में जीवन परिवार ने अंतर्राष्ट्रीय संघ द्वारा जारी 2023 की थीम ‘आशा पैदा करना, कार्रवाई करना जारी रहेगी’ के अंतर्गत आत्महत्या रोकथाम पर कार्यशाला आयोजित की. इस कार्यशाला में कक्षा 9वीं से 12वीं तक के लगभग 100 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया.
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य छात्रों को आत्महत्या जैसी नकारात्मक प्रवृत्ति से दूर रखना और जीवन में सकारात्मक लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित करना था. जीवन संस्था की ओर से गुरप्रीत कौर भाटिया और उनकी सहयोगी ने विद्यार्थियों को आत्महत्या रोकथाम से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी. उन्होंने तनावमुक्त रहने के लिए ध्यान और विशेष व्यायाम भी कराए जिससे मानसिक शांति प्राप्त हो सके.

कार्यशाला के अंत में विद्यार्थियों से शपथ भी करवाई गई कि वे आत्मविश्वास के साथ मानसिक तनाव को पार कर अपने जीवन का महत्व समझेंगे और आत्महत्या से दूर रहेंगे. साथ ही वे दूसरों को भी जागरूक करेंगे.

इस दौरान विद्यालय के सचिव अभिषेक शर्मा, प्राचार्या सुश्री कृष्णा मोदक, हेड ऑफ एचओडी नौशाद रजिया, कंप्यूटर शिक्षिका मंजू कुमारी सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थीं.
यह कार्यशाला विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और आत्महत्या के मामलों को रोकने में विद्यालय द्वारा उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम है.

