
उदित वाणी जमशेदपुर: मानगो स्थित केरल पब्लिक स्कूल (KPS) में गुरुवार को वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह ‘प्राइज नाइट’ का भव्य आयोजन किया गया. स्कूल प्रांगण में आयोजित इस कार्यक्रम में शैक्षणिक और सह-शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया.
मुख्य अतिथि और विशिष्ट जनों की गरिमामय उपस्थिति
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता उपस्थित थीं. कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने के लिए सम्मानित अतिथियों में स्कूल की अध्यक्ष मनोरमा नायर, निदेशक शरत चंद्रन, निदेशक श्रीकांत नायर, शैक्षणिक निदेशक रचना नायर और लक्ष्मी आर शामिल हुए.
साथ ही, केपीएस कदमा की संस्थापक प्राचार्या व सहायक निदेशक शांता वैद्यनाथन, सोम रघुनाथ, अफसां खान, डी सोनाली, मुख्तार आलम खान, शहबाज खान, साजित एसरार, माशूक बक्श, शर्मिला मुखर्जी और रश्मि सिन्हा सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे.
नर्सरी से 11वीं तक के छात्रों का सम्मान
पुरस्कार वितरण के दौरान कक्षा नर्सरी से लेकर 11वीं तक के उन छात्र-छात्राओं को मंच पर पुरस्कृत किया गया, जिन्होंने पूरे वर्ष अपने शानदार प्रदर्शन से विद्यालय का नाम रोशन किया. मेधावी छात्रों के चेहरों पर जीत की मुस्कान और हाथ में ट्रॉफी देख अभिभावक भी गौरवान्वित महसूस कर रहे थे.
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रही धूम
पुरस्कार वितरण के साथ-साथ विद्यालय के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए. नृत्य और संगीत की प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों को मंत्रमुग्ध कर दिया. कार्यक्रम के सफल संचालन में शिक्षकों और कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा.
आभार प्रदर्शन
समारोह के समापन पर विद्यालय की प्राचार्या रूपा घोष ने मुख्य अतिथि सहित सभी गणमान्य अतिथियों, अभिभावकों और छात्रों का धन्यवाद ज्ञापन किया. उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया.

