
उदित वाणी, जमशेदपुर : लौहनगरी में सुबह एक दर्दनाक और रहस्यमयी घटना ने सनसनी फैला दी। ओलीडीह थाना क्षेत्र के डिमना रोड स्थित माउंट व्यू स्कूल के पास सुप्रीम कोर्ट के युवा अधिवक्ता शशिभूषण (38) की तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि पुलिस इसे प्रथम दृष्टया सड़क दुर्घटना मान रही है, लेकिन परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों के आरोपों ने मामले को संदिग्ध बना दिया है।
जानकारी के अनुसार, मानगो के सुभाष कॉलोनी निवासी शशिभूषण उसी सुबह दिल्ली से जमशेदपुर लौटे थे। घर पर कुछ समय बिताने के बाद वे स्कूटी से बाहर निकले। डिमना रोड पर उन्होंने अपनी स्कूटी मुख्य सड़क से काफी दूर सुरक्षित किनारे पर खड़ी की और मोबाइल पर बात करने लगे। इसी दौरान अचानक एक तेज रफ्तार कार ने दिशा बदलते हुए उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भयावह थी कि कार अधिवक्ता और उनकी स्कूटी को करीब 50 मीटर तक घसीटती ले गई। मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
मृतक के भाई शशि शेखर और स्थानीय लोगों ने इस हादसे को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि जिस स्थान पर शशिभूषण खड़े थे, वहां सामान्य परिस्थितियों में कोई वाहन नहीं पहुंच सकता, जब तक उसे जानबूझकर न मोड़ा जाए। परिजनों ने आशंका जताई है कि यह एक सुनियोजित साजिश भी हो सकती है, क्योंकि शशिभूषण हाल ही में न्यायिक सेवा परीक्षा देकर जज बनने की तैयारी में जुटे थे।
वहीं पुलिस का कहना है कि सामने अचानक एक ऑटो आ गया, जिसे बचाने के प्रयास में वाहन अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गया। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फरार चालक की तलाश में छापेमारी जारी है।

