
उदित वाणी, जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व जिला उपाध्यक्ष और वरिष्ठ नेता मौलाना अंसार खान के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मानगो नगर निगम के उप नगर आयुक्त को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में मानगो क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर मांग की गई है।
अंसार खान ने बताया कि जवाहर नगर क्रॉस रोड नंबर 14, गुलाब बाग फेस 2, वारिस कॉलोनी क्षेत्र, जवाहर नगर रोड नंबर 15, बागान शाही और मानगो के कई क्षेत्रों में स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी हुई हैं। उन्होंने मांग की कि इन लाइटों को जल्द से जल्द ठीक करवाया जाए। इसके अलावा जवाहर नगर रोड नंबर 13 में नाली निर्माण का काम जल्द शुरू करने और बागान शाही रोड नंबर 9 के पीछे नालियों की सफाई कराने की मांग की गई है।
नगर निगम के पदाधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया है कि जल्द ही इन समस्याओं का समाधान किया जाएगा। स्ट्रीट लाइटों को ठीक करवाया जाएगा और नालियों की सफाई का काम भी शुरू किया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने वालों में हाजी अब्दुल लतीफ, नूर आलम, आदिल खान, मोहम्मद आजी़म खान, मोहम्मद यूसुफ, जुबेर मलिक, अली इमाम, मोहम्मद आरजू खान और शहंशाह खान सहित कई लोग मौजूद थे।

