उदित वाणी, जमशेदपुर: जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के जनसुविधा प्रतिनिधि मुकुल मिश्रा ने सोमवार को टाटा स्टील लैंड विभाग के आरएम प्रवीण कुमार से मुलाकात की। इस मुलाकात का मुख्य उद्देश्य सोनारी, कदमा, बिष्टुपुर और साकची जैसे टाटा लीज क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को पानी और बिजली कनेक्शन लेने में आ रही भारी समस्याओं का समाधान निकालना था।
लंबित पड़े हैं सैकड़ों आवेदन, लोग परेशान
मुकुल मिश्रा ने आरएम प्रवीण कुमार को अवगत कराया कि सोनारी, कदमा, बिष्टुपुर और साकची के निवासियों ने बड़ी संख्या में पानी और बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन दिए हैं। इसके बावजूद, कंपनी प्रबंधन की ओर से अब तक इन बुनियादी सुविधाओं का लाभ जनता को नहीं मिल पाया है। इस मुद्दे पर चर्चा के दौरान आरएम ने आश्वासन दिया कि मामले की जल्द समीक्षा कर इसे सुलझा लिया जाएगा।
अतिक्रमण पर दोहरे रवैये का आरोप
मुकुल मिश्रा ने टाटा स्टील प्रबंधन पर अतिक्रमण हटाने के मामले में भेदभाव का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कंपनी की सुरक्षा गाड़ियां छोटे-मोटे अतिक्रमणों को तुरंत हटा देती हैं, लेकिन बड़े अतिक्रमणकारियों और अवैध अपार्टमेंट बनाने वालों पर कोई कार्रवाई नहीं होती। इसी कारण शहर में अवैध निर्माणों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
(NOC) प्रक्रिया में तेजी लाने की मांग
मुकुल मिश्रा ने आग्रह किया कि जो निवासी अपने घर का नक्शा पास कराने के लिए आवेदन दे चुके हैं, उनके दस्तावेजों की त्वरित जांच की जाए। यदि कागजात वैध हैं, तो उन्हें बिना विलंब एनओसी (No Objection Certificate) दी जानी चाहिए ताकि वे समय पर अपना आवास निर्माण पूरा कर सकें।
इस मुलाकात के दौरान मुकुल मिश्रा के साथ शीतल खुल्लर, विनोद सिंह, काजल चौधरी और अशोक सिंह भी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।


