उदित वाणी सरायकेला : आदित्यपुर स्थित डी ए वी पब्लिक स्कूल एन आई टी आदित्यपुर परिसर में सोमवार से तीन दिवसीय “टीचर्स कैपेसिटी बिल्डिंग प्रोग्राम” की शुरुआत हुई। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों को नई शिक्षण पद्धतियों, डिजिटल तकनीकों और छात्र-केंद्रित शिक्षा प्रणाली से जोड़ते हुए उनकी पेशेवर दक्षता को मजबूत बनाना है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में डीएवी समूह के पांच विद्यालयों के करीब 190 शिक्षक-शिक्षिकाएं भाग ले रहे हैं। शिक्षकों की विषयगत जरूरतों को ध्यान में रखते हुए प्रशिक्षण को दो अलग-अलग समूहों में विभाजित किया गया है। पहले समूह में हिंदी, संस्कृत, अंग्रेजी, गणित, सामाजिक विज्ञान, कॉमर्स, कंप्यूटर साइंस और ईईडीपी के शिक्षक शामिल हैं, जबकि दूसरे समूह में संगीत, फाइन आर्ट, फिजिकल एजुकेशन और लाइब्रेरी विभाग के शिक्षकों को शामिल किया गया है।
विद्यालय की प्राचार्या रेखा कुमारी ने बताया कि तीन दिनों तक चलने वाले इस कार्यक्रम में प्रतिदिन दो-दो घंटे के तीन सत्र आयोजित किए जाएंगे, जबकि अंतिम दिन दो विशेष सत्र होंगे। प्रशिक्षण के दौरान आधुनिक शिक्षण तकनीक, डिजिटल टूल्स का उपयोग, प्रभावी कक्षा प्रबंधन, मूल्यांकन प्रणाली तथा छात्र-केंद्रित शिक्षण पद्धतियों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी।
विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा इंटरएक्टिव सेशन के माध्यम से शिक्षकों को व्यवहारिक जानकारी भी दी जाएगी, ताकि वे बदलते शैक्षणिक वातावरण के अनुरूप स्वयं को तैयार कर सकें। सोमवार सुबह 7:30 बजे कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया।
प्राचार्या ने कहा कि वर्तमान दौर में शिक्षा व्यवस्था तेजी से बदल रही है। ऐसे में शिक्षकों का निरंतर प्रशिक्षण आवश्यक हो गया है। इस प्रकार के कार्यक्रम शिक्षकों में नवाचार, आत्मविश्वास और रचनात्मक सोच को बढ़ावा देते हैं, जिसका सकारात्मक प्रभाव सीधे विद्यार्थियों की शिक्षा पर पड़ता है।


