
उदित वाणी, जमशेदपुर : पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के बरानगर थाना क्षेत्र में स्वर्ण व्यवसायी शंकर जाना (60) की दिनदहाड़े हत्या और 15 किलो सोने की लूट के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने इस सनसनीखेज कांड के दो मुख्य आरोपियों को झारखंड के जमशेदपुर से गिरफ्तार किया है.
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चंदन मंडल और प्रिंस कुमार के रूप में हुई है. दोनों को सीतारामडेरा थाना पुलिस की मदद से बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट और बरानगर थाना की टीम ने संयुक्त कार्रवाई में पकड़ा. गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को पूछताछ के लिए कोलकाता ले जाया गया है.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, इससे पहले 48 घंटे के भीतर ही हुगली निवासी संजय माइती और नारकेलडांगा निवासी सुरजीत सिकदर को गिरफ्तार किया गया था. पूछताछ में दोनों ने बताया कि लूट का एक हिस्सा जमशेदपुर भेजा गया था, जिसके बाद पुलिस ने यहां छापेमारी की.
जांच में पता चला है कि यह गिरोह अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय है और पहले से योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया गया था. शंकर जाना की हत्या के बाद इलाके में दहशत फैल गई है. पुलिस अब तक बरामद सोने की मात्रा का मिलान कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है.
बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट ने बताया कि इस केस में झारखंड पुलिस के साथ समन्वय कर आगे की जांच की जा रही है ताकि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके.

