
उदित वाणी, पोटका : रंभा शैक्षणिक संस्थान समूह में शनिवार को दुर्गोत्सव बड़े श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया. इस अवसर पर छात्राओं ने मां दुर्गा के नौ रूपों में सजकर उनका विस्तृत परिचय कराया. गरबा और धुनुची नृत्य की प्रस्तुति ने पूरे कार्यक्रम को और भी ऊर्जा से भर दिया. कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलित कर और दुर्गा स्तुति पाठ के साथ किया गया.
विद्यालय की प्रिंसिपल डॉ. कल्याणी कबीर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शक्ति तभी पूजनीय है जब वह समाज के कल्याण के लिए हो. उन्होंने जोर दिया कि मां दुर्गा की आराधना हमें आंतरिक शक्ति प्रदान करती है, जिससे हम तनाव और विपरीत परिस्थितियों से लड़ने की क्षमता प्राप्त करते हैं.
कार्यक्रम में संस्थान के अध्यक्ष रामबचन जी ने सभी को दुर्गोत्सव की शुभकामनाएं दीं और कहा कि ऐसे त्योहार समाज में एकता और भाईचारे को मजबूत करते हैं. सचिव गौरव बच्चन ने भी बच्चों को शुभकामनाएं दीं. बी.एड., नर्सिंग, स्नातक, फार्मेसी, एएनएम और जीएनएम विभाग के व्याख्याताओं ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई. संचालन छात्राएं नीतू और निवेदिता ने किया. छात्राओं मोनालिसा, पुष्पा, अंजूता, भारती, अंजलि, कंचन, सरोजिनी, अलका और रीमा ने मां दुर्गा के नौ रूप प्रस्तुति दिए, जबकि दुर्गा सप्तशती का पाठ सविता, ऐश्वर्या और रेशमी ने किया.
ग्रामीण एसपी ने किया पूजा पंडालों का निरीक्षण
पोटका. दुर्गा पूजा की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं. कई स्थानों पर पंडाल खोल दिए गए हैं. शनिवार को ग्रामीण पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने पोटका, हाता, हल्दीपोखर और कवाली में विभिन्न पूजा पंडालों का निरीक्षण किया. इस दौरान उनके साथ मुसाबनी डीएसपी संदीप भगत, इंस्पेक्टर सुरेश प्रसाद, शैलेंद्र नाथ गोआ, कवाली थाना प्रभारी धनंजय पासवान और पोटका थाना प्रभारी मनोज मुर्मू मौजूद थे.
निरीक्षण के दौरान एसपी ने पूजा समितियों को शांति और सद्भावपूर्वक पूजा सम्पन्न कराने का निर्देश दिया. उन्होंने पंडालों में सीसीटीवी कैमरा और अग्निशामक यंत्र लगाने पर जोर दिया. साथ ही अधिक भीड़ से बचने के लिए श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से दर्शन कराने की सलाह दी. मौके पर हल्दीपोखर और हाता पूजा समितियों के सदस्य विष्णु कुंभकार, रमेश मोदी, दुलाल मुखर्जी, मनोज राम और सोमनाथ पाल उपस्थित थे.

