
उदित वाणी, रांची: राज्य में आखिरकार बोर्ड-निगमों का गठन शुरू हो गया. राज्य सरकार में प्रमुख घटक दल कांग्रेस पार्टी के अंदर खींचतान के कारण बोर्ड-निगमों का गठन लंबे समय से रूका हुआ था.
अब मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखण्ड राज्य आवास बोर्ड व झारखंड राज्य हिन्दू धार्मिक न्यास बोर्ड का गठन कर दिया है. झारखण्ड राज्य आवास बोर्ड अधिनियम 2000 की धारा 4[1] [क] एवं 16 [2] [क] के अधीन प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए उन्होंने संजय लाल पासवान को आवास बोर्ड का अध्यक्ष नियुक्त किया है. पासवान रामगढ़ जिला स्थित पतरातु के बड़काकाना के रहनेवाले हैं.
इनकी नियुक्ति अगले तीन बर्षों के लिए की गई है। इनके साथ ही रांची के अभिलाष साहु व नीतिन अग्रवाल, पाकुड़ के गुलाम अहमद गोकुल एवं धनबाद के पवन महतो को अगले तीन बर्षों के लिए आवास बोर्ड का सदस्य नियुक्त किया गया है.
हिन्दू धार्मिक न्यास बोर्ड के अध्यक्ष बने जयशंकर पाठक
इधर हिन्दू धार्मिक न्यास अधिनियम 1950 [अंगीकृत] धारा 8 में प्रदश शक्तियों के अधीन राज्य सरकार द्वारा तृतीय झारखण्ड राज्य हिन्दू धार्मिक न्यास बोर्ड का भी गठन किया गया.
हजारीबाग के जय शंकर पाठक अगले पांच बर्षों के लिए हिन्दू धार्मिक न्यास बोर्ड के अध्यक्ष नियुक्त किये गए. इनके अलावा पलामू के हृदयानंद मिश्रा, रांची के राकेश सिन्हा, देवघर के अजय नारायण मिश्रा और पलामू के संजीव तिवारी को बोर्ड के सदस्य के रूप में नियुक्त किया गया है. इससे संबंधित अधिसूचना जारी कर दी गई है.
