उदित वाणी घाटशिला : माझी पारगाना माहाल, धाड़ दिशोम द्वारा आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह दिनांक 20/5/26 बुधवार को माझी पारगाना माहाल भवन, पावड़ा में धूमधाम से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जिले के 2025- 26 प्री-मैट्रिक कोचिंग सेंटरों के श्रेष्ठ 100 छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। इस वर्ष वार्षिक माध्यमिक परीक्षा में इन कोचिंग सेंटरों से कुल 874 परीक्षार्थी शामिल हुए, जिनमें से 589 प्रथम श्रेणी, 260 द्वितीय श्रेणी तथा 4 तृतीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए। यह उपलब्धि गरीब एवं वंचित आदिवासी बच्चों की शिक्षा में माझी पारगाना माहाल के निरंतर प्रयासों को रेखांकित करती है।
तीन वर्षों का निरंतर प्रयास
ज्ञात हो कि विगत तीन वर्षों से माझी पारगाना माहाल धाड़ दिशोम सरकारी विद्यालयों में पढ़ने वाले आर्थिक रूप से कमजोर एवं वंचित वर्ग के बच्चों के लिए निःशुल्क प्री-मैट्रिक कोचिंग की व्यवस्था कर रहा है। इस पहल का उद्देश्य न केवल अच्छे अंक दिलाना है, बल्कि बच्चों को आत्मनिर्भर और समाज के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनाना भी है।
मुख्य अतिथि जिरेन जेवियर टोपनो (ट्राइबल आईडेंटिटी हैड) ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा, “शिक्षा के साथ-साथ समाज से जुड़कर समाज हित में काम करने की जरूरत है। केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रहें, बल्कि व्यवहारिक ज्ञान भी हासिल करें।” कार्यक्रम की अध्यक्षा बैजु मुर्मू, परगाना बाबा, धाड़ दिशोम ने किया। संचालन दीपक मुर्मू ने तथा उद्देश्य पर प्रकाश सुनील मुर्मू ने डाला।
समारोह को देश परानिक दुर्गा चरण मुर्मू, तोरोप परगना हरिपद मुर्मू
लेदेम किस्कू, पुनता मुर्मू, लखन मार्डी, पावड़ा पंचायत के मुखिया पार्वती मुर्मू, टाटा स्टील फाउंडेशन के जयराम हांसदा, शिक्षक छोटा भुजंग टुडू, बिंदे सोरेन आदि ने भी संबोधित किया। समारोह में पद्मावती हेम्ब्रम, जगदीश बास्के, मार्शल मुर्मू, संजय सोरेन, पूजा सोरेन, बबिता सोरेन, माझी बाबा भादो मुर्मू, सुशांत हेम्ब्रम सहित क्षेत्र के कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित हुए।


